भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर जिले में हाल ही में हुए कथित शराब कांड के बाद राज्य शासन ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग ने देर रात भारतीय पुलिस सेवा (भापुसे) के अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है, जिसमें सागर, देवास और बालाघाट के पुलिस अधीक्षकों के प्रभार बदले गए हैं।

गृह विभाग, वल्लभ भवन द्वारा जारी आदेश (क्रमांक एफ-1/1/41/0008/2026-B-2-02(HOM)) के तहत सागर के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया (भापुसे 2014) को उनके पद से हटाते हुए पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) पदस्थ किया गया है। वहीं, 14वीं वाहिनी वि.स.बल, ग्वालियर के सेनानी संजीव कुमार सिन्हा (भापुसे 2016) को सागर जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

देवास और बालाघाट के एसपी भी बदले गए

जारी आदेश के अनुसार अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षकों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है:

  • पुनीत गहलोत (भापुसे 2017): पुलिस अधीक्षक, जिला देवास से स्थानांतरित कर सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, भोपाल बनाए गए हैं।
  • आदित्य मिश्रा (भापुसे 2018): पुलिस अधीक्षक, जिला बालाघाट से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, जिला देवास नियुक्त किए गए हैं।

सागर में जहरीली शराब से जुड़े मामले के सामने आने के बाद से ही प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही थी। शासन के इस कदम को सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और जवाबदेही तय करने की दिशा में की गई कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। गृह विभाग की सचिव शिल्पा गुप्ता के हस्ताक्षर से जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


ordercopy