ओडिशा। ओडिशा विजिलेंस ने कटक सर्कल के माइंस के डिप्टी डायरेक्टर देबब्रत मोहंती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके भुवनेश्वर स्थित फ्लैट से ₹4 करोड़ से अधिक नकद बरामद किया है। यह छापेमारी नेचर क्रेस्ट अपार्टमेंट, श्री विहार, पटिया में स्थित उनके आवास पर की गई।


विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, देबब्रत मोहंती को पहले एक लाइसेंस प्राप्त कोयला वेंडर से कथित तौर पर ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद विजिलेंस टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें भुवनेश्वर का फ्लैट, भद्रक में पैतृक निवास और कटक स्थित कार्यालय कक्ष शामिल हैं।


तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी से विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की आगे की जांच जारी है और विजिलेंस द्वारा संपत्ति व लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।