Friday, February 20, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशभोपालMP में कांग्रेस को बड़ा झटका: उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे का अचानक इस्तीफा

MP में कांग्रेस को बड़ा झटका: उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे का अचानक इस्तीफा

Post Media
News Logo
PeptechTime
20 फ़रवरी 2026, 02:07 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के बीच कांग्रेस खेमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भिंड की अटेर सीट से तेजतर्रार विधायक हेमंत कटारे ने 'उप नेता प्रतिपक्ष' के पद से इस्तीफा दे दिया। कटारे ने अपना इस्तीफा सीधे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस्तीफा देने के बाद से ही कटारे का मोबाइल स्विच ऑफ है और उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।



दे​खिए क्या बोले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार: https://youtube.com/shorts/G81H01R5yXg?feature=share


इस्तीफे की वजह: 'परिवार और जनता को समय नहीं दे पाना'

हेमंत कटारे ने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि वे अपने परिवार और क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं, इसी वजह से वे इस बड़ी जिम्मेदारी को छोड़ रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन जिसे भी इस पद के योग्य समझे, वे उसे पूर्ण सहयोग करेंगे। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस इस्तीफे के पीछे की 'इनसाइड स्टोरी' कुछ और ही होने के कयास लगाए जा रहे हैं।


विधानसभा से बाहर आए और हो गए 'गायब'

आज हेमंत कटारे की मैरिज एनिवर्सरी भी है। दोपहर 4 बजे तक वे सदन की कार्यवाही में पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे थे। लेकिन अचानक वे विधानसभा से बाहर निकले और उसके बाद से ही उनका फोन बंद आ रहा है। वे भोपाल में ही हैं या अपने निर्वाचन क्षेत्र अटेर के लिए रवाना हो गए हैं, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है। कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय का कहना है कि वे दोपहर में कटारे के साथ ही थे, वे काफी खुश थे। उपाध्याय ने इसे 'परिवार के भीतर' की बात बताते हुए जल्द सुलझने की उम्मीद जताई है।


बीजेपी विधायक से उस 'मजाक' के क्या हैं मायने?

इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक दिलचस्प वाकया भी सामने आया। सदन से निकलते समय हेमंत कटारे ने बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी से मजाकिया अंदाज में कहा— "भाईसाहब, मुझे भी साथ ले चलिए।" इस बयान के बाद सियासी हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या कटारे का रुख बीजेपी की तरफ है? हालांकि, सबनानी ने इसे महज एक 'कैजुअल' मजाक बताया है, लेकिन जिस तरह से अचानक इस्तीफा हुआ है, उससे अटकलों का बाजार गर्म है।


कांग्रेस में खलबली, बीजेपी की नजर

सदन में आक्रामक तेवर दिखाने वाले कटारे के इस कदम ने विपक्ष को बैकफुट पर धकेल दिया है। कांग्रेस के भीतर इसे सुलझाने की कोशिशें जारी हैं, वहीं बीजेपी इस पूरे घटनाक्रम पर 'वेट एंड वॉच' की स्थिति में है। अब देखना यह है कि स्विच ऑफ हुआ फोन जब चालू होगा, तो हेमंत कटारे क्या नया धमाका करते हैं।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)