मंदसौर,ललित शंकर धाकड़ । मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा और उनके साथियों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस राजनीतिक घटनाक्रम को स्वागत योग्य बताते हुए इसे लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत करार दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान देवड़ा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर नेताओं की आवाज दबाई जा रही थी, जिसके कारण कई नेता असहज महसूस कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो नेता सच्चाई और सिद्धांतों के साथ खड़ा होता है, उसे कोई दबा नहीं सकता। उन्होंने यह भी कहा कि राघव चड्ढा सहित अन्य नेताओं का भाजपा में शामिल होना उनके आत्मसम्मान और राजनीतिक सोच को दर्शाता है। देवड़ा ने संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर भी सभी का हार्दिक स्वागत किया।
उन्होंने इसे एक मजबूत और दूरदर्शी राजनीतिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे भाजपा और अधिक सशक्त होगी। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है कि आखिर क्यों उसके नेता लगातार उसे छोड़ रहे हैं।

