मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग मामले में सुरक्षा एजेंसियों को सोमवार को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। वारदात को अंजाम देकर फरार होने की कोशिश कर रहे तीन संदिग्ध शूटरों को राजस्थान की कोटा पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे कोटा रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया। आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर जयपुर जा रहे थे और वहां से बस पकड़कर दिल्ली होते हुए नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। लेकिन मुंबई पुलिस से मिले रियल-टाइम इनपुट के बाद कोटा पुलिस ने महज 15 मिनट के भीतर ट्रेन में सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर तीनों को धर दबोचा।


ट्रेन में 15 मिनट का त्वरित ऑपरेशन, नेपाल भागने का था पूरा प्लान

कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुंबई पुलिस से संदिग्धों के ट्रेन में सवार होने की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद कोटा रेलवे स्टेशन पर तुरंत घेराबंदी की गई और पुलिस टीम ने केवल 15 मिनट के भीतर पुणे-जयपुर एक्सप्रेस की बोगियों में तलाशी अभियान चलाकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी जयपुर पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से दिल्ली और फिर भारत-नेपाल सीमा पार करने की फिराक में थे, ताकि वे सुरक्षा एजेंसियों की पहुंच से दूर निकल सकें।


लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने दी थी सुपारी, हरियाणा और बिहार के हैं शूटर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले की साजिश के पीछे कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट का हाथ है। गिरोह के प्रमुख सदस्य अनिल पंडित ने इन शूटरों को अभिनेता की कार पर फायरिंग करने का कॉन्ट्रैक्ट (सुपारी) दिया था। पकड़े गए तीन संदिग्धों में से दो हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी बिहार का निवासी है। इनमें से दो आरोपियों ने सीधे तौर पर जुहू में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलियां बरसाई थीं।


अंधेरी स्टेशन पर बाइक छोड़ लोकल ट्रेन से भागे शूटर

घटना की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने हमलावरों की आवाजाही का पूरा रूट मैप तैयार किया है। शाम करीब 7 बजे वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर बाइक से अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने इस्तेमाल की गई बाइक को लावारिस हालत में छोड़ दिया और पहचान छुपाने के लिए बोरीवली जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस ने उक्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।


बारूद और कांच के टुकड़ों से टाइगर के हाथ में चोट, ड्राइवर भी घायल

हमले के दौरान टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए और उन्हें सीधी गोली नहीं लगी। हालांकि, कार की खिड़की का शीशा टूटने और गोलियों की बौछार के चलते उनके बाएं हाथ में बारूद के छर्रों और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं। वहीं, कार चला रहे उनके ड्राइवर और पास खड़े एक ऑटो चालक को भी गोली लगने और कांच धंसने से गंभीर चोटें आई थीं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। उल्लेखनीय है कि इस हमले की सीधी जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए ली है।


7 राउंड फायरिंग, देशी पिस्तौल जाम होने से बची जान

फॉरेंसिक जांच के मुताबिक हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की बीएमडब्लू कार पर देशी पिस्तौल (कॉपी पीस) से फायरिंग की थी। इस हमले में जैकी श्रॉफ के ड्राइवर व केयरटेकर फिरदौस और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार तीन हमलावरों ने कार के सामने के विंडशील्ड और साइड की खिड़की को निशाना बनाते हुए कुल 7 राउंड फायरिंग की थी, इनमें से 5 गोलियां कार में लगीं जबकि 2 गोलियां निशाने से चूक गईं। पांचवीं गोली चलाने के बाद पैसेंजर साइड की खिड़की के सबसे करीब मौजूद शूटर कार के पास पहुंचा और टाइगर श्रॉफ पर बेहद करीब से गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि, कथित तौर पर पिस्तौल जाम हो गई। इसकी वजह से शूटर ने दो बार गोली चलाने की कोशिश की लेकिन फायर नहीं हो सका। माना जा रहा है कि हथियार में आई इस खराबी के चलते अभिनेता पर बेहद करीब से गोली चलने से बच गई। इसके बाद दोनों शूटर उस मोटरसाइकिल पर फरार हो गए, जिसे कथित तौर पर उनके तीसरे साथी ने पहले से तैयार रखा था। वहीं, मुंबई पुलिस ने अंधेरी रेलवे स्टेशन के बाहर से दोपहिया वाहन जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना में किया गया था।


जुहू में फुटबॉल खेलकर लौटते वक्त अचानक हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वारदात उस समय घटी जब टाइगर श्रॉफ जुहू में फुटबॉल खेलकर अपनी कार से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी जुहू के पुष्पा पार्क इलाके के नजदीक पहुंची, वहां अभिनेता को देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जुटने लगी थी। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश शूटरों ने बिना किसी पूर्व चेतावनी या कहासुनी के टाइगर की गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई। दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी: 'सलमान के साथ काम करने वालों का यही अंजाम होगा'

हमले के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस गिरोह के अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से एक कथित पोस्ट सामने आई, जिसमें इस हमले की सीधी जिम्मेदारी ली गई। वायरल पोस्ट में चेतावनी भरे लहजे में लिखा गया कि अभिनेता को पहले भी समझाया गया था, लेकिन वह नहीं माना। साथ ही बॉलीवुड को सीधी धमकी दी गई कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी उनके निर्देशों की अनदेखी करेगा या अभिनेता सलमान खान के साथ काम करेगा, उसका अगला नंबर होगा।


FacebookPost


पुलिस ने इलाका सील कर CCTV खंगाले, कारतूस बरामद

सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे पुष्पा पार्क इलाके को सील कर दिया है और घटनास्थल से जिंदा व चले हुए कारतूस के खोखे बरामद कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं। हमलावरों की बाइक का नंबर और उनके भागने के रूट को ट्रैक करने के लिए आसपास की इमारतों व चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मुंबई पुलिस के अनुसार, शहर भर में नाकाबंदी कर शूटरों की तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं।


GunBullet


'बर्थडे पार्टी चल रही थी', प्रत्यक्षदर्शी ने किया घटना का खुलासा

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना पर सलमा शेख नाम की एक प्रत्यक्षदर्शी ने आईएएनएस को बताया कि हम अपने व्लॉग बना रहे थे। हजारों व्लॉगर वहां व्लॉग बना रहे थे। एक पार्टी चल रही थी, जिसमें काफी शोर था क्योंकि वे जन्मदिन मना रहे थे। उनके सभी साथी जन्मदिन मनाने के लिए अंदर चले गए, खाना-पीना कर रहे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, वे कार लेकर सड़क पर चल पड़े। मैं उस लड़के का वर्णन भी नहीं कर सकती, मच्छर की तरह दुबला-पतला, गरीब सा दिखने वाला, जैसे कोई फुटपाथ पर रहता हो। वह आया और फायरिंग शुरू कर दी, और सभी को लगा कि कोई दीपावली के पटाखे फोड़ रहा है। लेकिन, जब टाइगर की कार रुकी, और वह दर्द से कराहते हुए बाहर आए, तो खून का एक बड़ा धब्बा वहीं पड़ा रहा।"


'आज टाइगर, अगला कौन?'; एआईसीडब्ल्यूए ने सरकार को घेरा

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जुहू इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में आक्रोश है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार और पुलिस की विफलता पर सवाल उठाए हैं और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि यह कोई इकलौती घटना नहीं है। इससे पहले बांद्रा में सलमान खान के घर के बाहर गोलियां चलाई गई थीं। अभिनेता सैफ अली खान पर उनके बांद्रा स्थित घर पर हमला हुआ था, जिसमें उन्हें चाकू मारा गया था। फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर भी गोलियां चलाई गई थीं। कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर भी कई बार हमले हुए हैं। अब टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाई गई है।

एआईसीडब्ल्यूए ने आरोप लगाया, "फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को एक के बाद एक निशाना बनाया जा रहा है, जिससे जानबूझकर डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। मकसद साफ है कि गैंगस्टर बॉलीवुड हस्तियों को डरा-धमकाकर उनसे जबरन वसूली करना चाहते हैं।" एसोसिएशन ने सवाल उठाया, "आज टाइगर श्रॉफ हैं। अगला कौन होगा? जब मुंबई के बीचों-बीच कोई सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं है, तो एक आम मुंबईकर खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है?" लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद, सरकार और पुलिस इन हमलों को रोकने में विफल रही है। एआईसीडब्ल्यूए ने कहा कि इससे पहले की घटनाओं में गैंगस्टरों ने खुलेआम जिम्मेदारी ली थी, फिर भी उनका नेटवर्क काम कर रहा है। सिर्फ बयान देने से काम नहीं चलेगा। बॉलीवुड को वास्तविक सुरक्षा की जरूरत है। मुंबई की सड़कें एक बार फिर खून से सन रही हैं, और यह स्थिति 1990 के दशक के अंडरवर्ल्ड के दौर की याद दिलाती है।


टाइगर श्रॉफ ही नहीं, इन स्टार्स के घर पर भी हो चुकी है फायरिंग

बॉलीवुड स्टार्स पर हमले और फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही के वर्षों में बॉलीवुड और पंजाबी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों फायरिंग की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें से ज्यादातर मामलों के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। सलमान खान से शुरू हुआ यह सिलसिला अब कई अन्य कलाकारों तक पहुंच चुका है।

सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलियां चलना, तो कभी सिंगर एपी ढिल्लो और गिप्पी ग्रेवाल के घरों पर हमला होना, इन घटनाओं ने स्टार्स की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। चलिए आपको बताते हैं कि इससे पहले कितने सेलेब्स के ऊपर इस तरह की घटनाएं हुई हैं।

रोहित शेट्टी: मुंबई के जुहू स्थित घर में 31 जनवरी 2026 की रात 12:45 बजे से पौने चार बजे के बीच 5 राउंड गोलियां चलाई गई थीं। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग (शुभम लोनकर, आर्जू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

कपिल शर्मा: साल 2025 में कमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित 'कैप्स कैफे' में गोलीबारी की गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लन और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। गैंग का दावा था कि सलमान खान से जुड़े होने या उनके शो में बुलाए जाने के चलते निशाना बनाया गया।

गुरु रंधावा : गुरु रंधावा के दिल्ली में पश्चिम विहार स्थित ‘24 आवर्स फिटनेस जिम’ (जो गुरु रंधावा की फ्रेंचाइजी) पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने सुबह 5 बजे जिम के बाहर करीब 7 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे जिम के शीशे टूट गए और इलाके में दहशत फैल गई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग और अनिल पंडित (गैंग से जुड़े सदस्य) ने सोशल मीडिया पोस्ट व ऑडियो क्लिप के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली। उन्होंने दावा किया था कि गुरु रंधावा के सलमान खान के करीब होने के कारण यह निशाना साधा गया था।

गिप्पी ग्रेवाल: 26-27 नवंबर 2023 की रात को कनाडा के वैंकूवर इलाके में स्थित उनके बंगले पर हुई थी। इस घटना की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। बताया जाता है बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के माध्यम से अभिनेता को सलमान से नजदीकियां कम करने की सलाह दी थी।

एपी ढिल्लो: पंजाब के गायक ए.पी. ढिल्लो के कनाडा स्थित घर के बाहर फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग (रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली थी। इस धमकी में गायक के साथ बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के पुराने संबंधों का भी जिक्र किया गया था।