भाजपा विधायक समर्थक भीम घारू गिरफ्तार, मजिस्ट्रेट से अभद्रता मामले में जमानत खारिज

Advertisement
देवास, हेमंत गुर्जर। देवास में न्यायपालिका से जुड़े एक अहम मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला न्यायालय के मजिस्ट्रेट के साथ अभद्रता और विवाद के प्रकरण में देवास भाजपा विधायक के समर्थक बताए जा रहे भीम घारू को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल बीते दिनों मजिस्ट्रेट के साथ हुए विवाद के बाद पंकज धारू सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की थी और संबंधित निर्माणों को ध्वस्त किया गया था।
इसी मामले में फरार चल रहे भीम घारू को पुलिस ने पकड़कर कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के दौरान अभिभाषक संघ के सदस्य बड़ी संख्या में न्यायालय परिसर में एकत्रित हुए। विरोध स्वरूप उन्होंने आरोपी की पैरवी न करने का निर्णय लिया और जमानत का विरोध करते हुए आपत्ति दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी और उसे जेल भेजने के आदेश दिए।
