भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भारतीय जनता पार्टी पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने को ढोंग करार दिया है। दरअसल भाजपा के विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक बयान दिया है जिसमें उन्होंने कहा कि इस देश में कोई आदिवासी नहीं है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा विधायक का बयान भाजपा की घोर आदिवासी-विरोधी मानसिकता का सरेआम पर्दाफाश करता है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा जनजातीय गौरव दिवस मनाने का ढोंग रचकर आदिवासी समाज के नाम पर कोरी राजनीति करती है और दूसरी तरफ भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य "देश में कोई आदिवासी नहीं है" कहकर आदिवासी समाज की पहचान को ही सिरे से नकार रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को चेतावनी भरे अंदाज में कहा है कि जनजातीय समाज भाजपा के खोखले राजनीतिक दिखावे का हिस्सा नहीं है बल्कि यह अपने अधिकार, स्वाभिमान और पहचान के लिए डटकर लड़ने वाला समाज है।

उन्होंने भाजपा विधायक पर कार्रवाई की मांग करते हुए सवाल किया है कि भाजपा सरकार स्पष्ट करे, आदिवासी समाज के अस्तित्व पर सवाल उठाने और अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाले अपने इस बेलगाम विधायक पर सख्त कार्रवाई आखिर कब करेगी। दरअसल, राज्य में भारतीय जनता पार्टी संगठन और मोहन यादव सरकार आदिवासियों के जननायक बिरसा मुंडा की जयंती पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। भाजपा जहां जगह-जगह कार्यक्रम कर रही है, वहीं राज्य सरकार तीन दिवसीय गौरव दिवस मना रही है। इसके तहत जनजातीय नायकों से जुड़े स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं।

प्रदेश सरकार ने जबलपुर, शहडोल और धार में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय वर्ग से जुड़े इलाकों के लिए न केवल घोषणा की बल्कि कई योजनाओं को धरातल पर भी उतारा। भाजपा लगातार जनजातीय वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलने का दावा करती रही है। वहीं, कांग्रेस के नेता भाजपा की कार्यशैली और आदिवासियों की स्थिति को लेकर लगातार हमले कर रहे हैं।