पन्ना, अमित सिंह। जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छतैनी में टमाटर की कीमत को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। महज 30 रुपये के अंतर को लेकर हुई बहस में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार, ग्राम छतैनी निवासी 30 वर्षीय हेतराम कोरी ने स्थानीय सब्जी विक्रेता प्रहलाद कोरी से टमाटर का भाव पूछा। विक्रेता ने टमाटर का दाम 80 प्रति किलो बताया। इस पर हेतराम ने बाजार में टमाटर 50 प्रति किलो मिलने की बात कही, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर विक्रेता ने हेतराम की औकात पर टिप्पणी की और विवाद बढ़ गया।


पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाद के कुछ समय बाद प्रहलाद कोरी अपने रिश्तेदार रामबाबू, राजा, रामकरण और मुन्नी कोरी के साथ लाठी-डंडे लेकर हेतराम के घर पहुंच गया। वहां आरोपियों ने हेतराम पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296(ए), 115(2), 118(1), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।