छतरपुर/बमीठा। केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत छतरपुर जिले के निर्माणाधीन ढौंढ़न बांध स्थल पर गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल परियोजना में कार्यरत श्रमिकों को लेकर जा रही बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। ब्रेक फेल होने की खबर लगते ही बस में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई और घबराहट में कई मजदूर चलती बस से नीचे कूद पड़े। इस दर्दनाक हादसे में संजय शर्मा (45 वर्ष) की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 14 अन्य मजदूर घायल हो गए।


घटना बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोढन की है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे कार्य समाप्त होने के बाद लगभग 48 मजदूर बस में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान ढलान या मोड़ पर बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गियर के सहारे गति नियंत्रित कर आगे चलकर बस को सुरक्षित रोकने में सफलता पाई, लेकिन तब तक जान बचाने की हड़बड़ाहट में कई मजदूर चलती बस से छलांग लगा चुके थे। हादसे की सूचना मिलते ही परियोजना निर्माण स्थल के अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अन्य वाहनों की मदद से जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल संजय शर्मा ने दम तोड़ दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद 5 मजदूरों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि 10 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में निरंतर जारी है।


हादसे में घायल हुए श्रमिकों में मुख्य रूप से रमाकांत (42 वर्ष, निवासी मऊरानीपुर, उप्र), वकील (35 वर्ष, निवासी बलिया, उप्र), सुरेंद्र प्रसाद (54 वर्ष, निवासी बिहार), कृष्णा सिंह (25 वर्ष, निवासी गोरखपुर, उप्र), ओमप्रकाश (26 वर्ष, निवासी भूसौर, थाना बमीठा), प्रमोद (36 वर्ष, निवासी चंदौली, उप्र), श्याम सुंदर (35 वर्ष), मुन्नी लाल (42 वर्ष, निवासी बिहार), समी (19 वर्ष), अरविंद (23 वर्ष, निवासी चंदौली, उप्र), रमेश (30 वर्ष, निवासी चंदौली, उप्र), विलास्टर (30 वर्ष, निवासी चंदौली, उप्र) सहित राहुल सिंह और दीपू शामिल हैं, जिनका उपचार स्वास्थ्य केंद्र व जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। बमीठा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।