दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से ठीक पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया है। दोनों नेता कार्यकर्ताओं के साथ सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने और विरोध दर्ज कराने जा रहे थे, तभी पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया। इस दौरान आक्रोशित समर्थकों ने पुलिस का कड़ा विरोध किया और नारेबाजी करते हुए पुलिस वाहन को रोकने का भी प्रयास किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले 6 दिनों के भीतर अभिजीत दीपके को दूसरी बार पुलिस कस्टडी में लिया गया है। इससे पूर्व 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान भी दीपके को एयरपोर्ट पर विमान से ही एहतियातन हिरासत में लिया गया था और अगले दिन रिहा किया गया था।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (पूर्ववर्ती धारा 144) लागू कर रखी है, जिसके तहत इलाके में 4 या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्रित होने पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद, निषेधाज्ञा को दरकिनार करते हुए कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्किल सहित सेंट्रल पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सीजेपी और छात्र संगठनों के कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए हैं। सेंट्रल पार्क और आसपास के संवेदनशील रास्तों पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है तथा इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।























