सीसीटीवी निगरानी से फिर साबित हुई सागर पुलिस की तत्परता...!

Advertisement
ऑटो में छूटा आर्मी हवलदार का कीमती बैग सुरक्षित बरामद, कंट्रोल रूम की सराहनीय भूमिका
सागर। सागर पुलिस कंट्रोल रूम में संचालित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था लगातार आम नागरिकों के लिए भरोसे का आधार बनती जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सागर द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों के तहत कंट्रोल रूम में पहुँचने वाले प्रत्येक पीड़ित और जरूरतमंद व्यक्ति की त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में सागर पुलिस ने संवेदनशीलता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए एक आर्मी हवलदार का कीमती सामान सुरक्षित रूप से वापस दिलाया। मिली जानकारी के अनुसार 1 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे आर्मी हवलदार हरिसिंह पुलिस कंट्रोल रूम सागर पहुँचे। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 03 बजे वे तीन बत्ती कटरा से मकरोनिया जाने के लिए ऑटो में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान उतरते समय उनका एक बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में आर्मी फंक्शन के लिए आवश्यक दो कीमती ब्लेज़र रखे थे, जिन्हें तत्काल दोबारा तैयार कराना संभव नहीं था। इस कारण वे अत्यधिक मानसिक तनाव में थे और तत्काल सहायता की अपेक्षा लेकर कंट्रोल रूम पहुँचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में कंट्रोल रूम में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक श्रीमती रेखा रजक द्वारा सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई। फुटेज के माध्यम से पीड़ित को सरस्वती स्पोर्ट्स के समीप ऑटो में बैठते हुए चिन्हित किया गया। इसके बाद विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संबंधित ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त कर लिया गया।
ऑटो मालिक तक पहुँची पुलिस, सामान सुरक्षित मिला
ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया गया। इसके पश्चात थाना मोतीनगर की चीता मोबाइल में पदस्थ आरक्षक पवन को ऑटो मालिक के निवास पर भेजा गया। ऑटो को सामान सहित पुलिस कंट्रोल रूम सागर बुलवाया गया। जांच के बाद आर्मी हवलदार हरिसिंह को उनका बैग संपूर्ण सामग्री के साथ सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।
इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से सागर पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर प्रशंसनीय सिद्ध हुई। आर्मी हवलदार हरिसिंह ने सागर पुलिस कंट्रोल रूम की कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान, सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर यादव, महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक का विशेष योगदान रहा। सागर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी ऑटो, बस या अन्य सार्वजनिक वाहन में किसी यात्री का सामान छूट जाए और वह उन्हें प्राप्त हो, तो उसे निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम में अवश्य जमा कराएं, ताकि वास्तविक मालिक तक सामान सुरक्षित रूप से पहुँचाया जा सके।
