सतना, अंबिका केशरी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन से कार्यालय पहुंचे कर्मचारियों एवं आगंतुकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि हेलमेट पहनकर आने वाले वाहन चालकों को सम्मानित किया गया।
अभियान के तहत अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जानकारी दी और सड़क दुर्घटनाओं में इससे होने वाले सुरक्षा लाभों से अवगत कराया। जागरूकता बढ़ाने के लिए कई वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क हादसों में जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी सुरक्षा उपकरण है।
इस दौरान एसडीएम रघुराज नगर राहुल सिलाडिया, ट्रैफिक डीएसपी पूनम रावत, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर रामदेवी राय सहित यातायात विभाग का मैदानी अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं। अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।




