बालाघाट, रितेश सोनी। सांदीपनि स्कूल परिसर स्थित बालिका छात्रावास में रात के समय अजीब स्थिति बनने के बाद करीब 25 छात्राएं हॉस्टल छोड़कर बाहर निकल गईं। जानकारी के मुताबिक, कुछ बच्चियों ने असामान्य व्यवहार किया और भूत-प्रेत जैसी स्थिति देखने का दावा किया, जिसके बाद बाकी छात्राएं भी अपना सामान समेटकर बाहर की ओर जाने लगीं। कई छात्राएं अपने परिजनों और परिचितों के साथ घर लौट गईं, जबकि अगले दिन 10 और छात्राएं घर चली गईं।
नाम न छापने की शर्त पर छात्राओं ने बताया कि छात्रावास में ऐसी स्थिति से वे अचानक घबरा जाती हैं, उन्हें बुखार आ जाता है और अजीब हरकतें होने लगती हैं। छात्राओं के अनुसार, उन्होंने इस बारे में प्राचार्य और अधीक्षिका को भी अवगत कराया था, जिसके बाद छात्रावास में कथित तौर पर किसी बैगा-पंडा को बुलाकर तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया कराई गई।
इस पूरे घटनाक्रम में छात्रावास और स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। रात के समय छात्राओं के इस तरह बाहर निकलने से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है, वहीं सांदीपनि स्कूल की छवि पर भी असर पड़ा है। फिलहाल यह सवाल बना हुआ है कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई जांच या कार्रवाई होगी या नहीं।















