पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गड़ी हजारा गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के चलते अपनी पत्नी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति कुल्हाड़ी लेकर पास के जंगल की ओर फरार हो गया।
धान काटने खेत जा रही थी सुनीता आदिवासी, रास्ते में विवाद के बाद पति सचिन ने किया वार
मिली जानकारी के अनुसार, सुनीता आदिवासी मंगलवार को खेत में धान काटने जा रही थी। इसी दौरान उसका पति सचिन आदिवासी वहां पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सचिन ने सुनीता की गर्दन के पिछले हिस्से पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और वारदात के तुरंत बाद कुल्हाड़ी लेकर जंगल की तरफ भाग निकला। हमले के बाद परिजन और ग्रामीण लहूलुहान हालत में सुनीता को जिला अस्पताल पन्ना लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के मुताबिक, महिला की गर्दन में गंभीर चोट आई है और उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है। घायल सुनीता तीन बेटियों की मां है।
प्रेम विवाह किया था दोनों ने, आपसी विवाद के बाद हुआ हमला
बृजपुर थाना प्रभारी सोनम शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सचिन और सुनीता ने प्रेम विवाह किया था। पुलिस के अनुसार, यह हमला दोनों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि वारदात के बाद आरोपी पास के जंगल में छिपा हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जंगल और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।













