छतरपुर। छतरपुर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में कार्यप्रणाली को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देशन में अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी ने प्रशासनिक कसावट लाने की दृष्टि से आदेश जारी करते हुए हाल ही में पदस्थ हुए सहायक ग्रेड-3 लिपिक राजेंद्र अहिरवार को शस्त्र शाखा के प्रभार से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उनकी जगह अब नितिन शिकरवार को शस्त्र शाखा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के तहत कलेक्ट्रेट की अन्य शाखाओं में भी प्रभार बदले गए हैं। इसी क्रम में कर्मचारी भगवान दास निगम को नजूल शाखा से हटाकर निर्वाचन शाखा में पदस्थ किया गया है। हालांकि, नजूल शाखा की रिक्त हुई जिम्मेदारी किस कर्मचारी को सौंपी जाएगी, इसका आदेश अभी प्रतीक्षित है। कलेक्ट्रेट परिसर में इस आकस्मिक प्रशासनिक सर्जरी को कामकाज में तेजी लाने और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के रूप में देखा जा रहा है।




