छतरपुर: शहर की जानी-मानी कवयित्री एवं साहित्यकार श्रीमती विमल बुंदेला को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक सृजन और हिंदी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर के ‘कादम्बरी साहित्य सृजन सम्मान’ से अलंकृत किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उनकी चर्चित पुस्तक ‘तुमसे शुरू, तुम तक’ तथा उनके समग्र साहित्यिक योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया है।
विश्वसंत महामंडलेश्वर स्वामी प्रज्ञानंद सरस्वती की स्मृति में दिए जाने वाले इस ‘सृजन प्रज्ञा सम्मान’ समारोह का आयोजन 31 अक्टूबर को जबलपुर में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उनकी लंबी साहित्यिक साधना, रचनात्मक प्रतिभा और हिंदी साहित्य के प्रति अटूट समर्पण की वास्तविक पहचान है। इस बड़ी उपलब्धि से छतरपुर के समूचे साहित्यिक जगत, उनके शुभचिंतकों और नगरवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। सभी ने उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।













