छतरपुर, संजय अवस्थी। आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में एकता दौड़ - रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और जनसमुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना था।
छतरपुर जिला मुख्यालय पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के मैदान से इस एकता दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, खिलाडिय़ों, युवाओं, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
मंत्री ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण मंत्री दिलीप अहिरवार ने उपस्थित सभी नागरिकों, विद्यार्थियों और अधिकारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात, वन एवं पर्यावरण मंत्री दिलीप अहिरवार एवं छतरपुर विधायक ललिता यादव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया।
प्रमुख मार्गों से गुजरी दौड़, चाक-चौबंद रही व्यवस्था
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के मैदान से प्रारंभ हुई यह एकता दौड़ शहर के प्रमुख मार्ग से होते हुए छत्रसाल चौराहे तक गई और वहां से पुन: विद्यालय मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल एवं यातायात अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आया।
प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की रही विशेष उपस्थिति
इस राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में जिला कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी, जिला पंचायत सीईओ नम: शिवाय अरजरिया और यातायात प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत सहित तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इनके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, समाजसेवी और नगरवासी भी इस ऐतिहासिक दौड़ का हिस्सा बने।














