छतरपुर, संजय अवस्थी: शहर के शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय (गल्र्स कॉलेज) में दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष जूडो प्रतियोगिता का भव्य आगाज हो गया है। मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश भर के विभिन्न संभागों से आए युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आयोजन से पूरे कॉलेज परिसर और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
छतरपुर में सजा खेल महाकुंभ, 10 संभागों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
क्रीड़ा प्रभारी बीके प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि यह भव्य आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसडी चतुर्वेदी के संरक्षण में पूरी भव्यता के साथ संपन्न हो रहा है। प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा, जबलपुर, इंदौर, भोपाल, गुना, उज्जैन, रीवा, ग्वालियर और छतरपुर विश्वविद्यालय सहित राज्य के करीब 10 संभागों की टीमें पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच से चयनित होने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। प्रतियोगिता के अपने-अपने वर्ग में विजेता रहने वाले प्रतिभागियों को गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा। छतरपुर जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि इस स्तर का खेल महाकुंभ यहां आयोजित हो रहा है।
विभिन्न भार श्रेणियों में हो रहे कड़े मुकाबले
प्रोफेसर शशिकांत अवस्थी ने बताया कि प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न भार श्रेणियों के अंतर्गत कड़े मुकाबले खेल रहे हैं। महिला वर्ग में 43 किलोग्राम, 50 किग्रा, 53 किग्रा, 66 किग्रा और 73 किग्रा भार वर्ग तथा पुरुष वर्ग में 50 से लेकर 85 किलोग्राम तक के वजन के प्रतिभागी अपनी खेल कला का हुनर दिखा रहे हैं। खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस आयोजन को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोजन के दौरान प्रो. पीके दीक्षित सहित महाविद्यालय के अन्य प्रोफेसर भी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन कर रहे हैं।















