पन्ना, अमित सिंह। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अवैध मदिरा के कारोबार और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने सघन अभियान छेड़ते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीन अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 40.86 बल्क लीटर (कुल 188 पाव) अवैध देशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 96 हजार 825 रुपये आंकी गई है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और पन्ना कलेक्टर हर्ष सिंह द्वारा जिले में अवैध शराब नेटवर्क के समूल खात्मे के लिए दिए गए सख्त निर्देशों के पालन में यह अभियान चलाया गया। इसी दौरान आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनोर की ओर से दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर पन्ना शहर की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही आबकारी अमले ने जाल बिछाया और संदिग्ध बाइक का पीछा कर जंगल के रास्ते में दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 27 बल्क लीटर देशी मदिरा बरामद हुई। टीम ने 13 हजार 50 रुपये मूल्य की शराब और परिवहन में प्रयुक्त करीब 65 हजार रुपये की बाइक को तत्काल जब्त कर लिया।
जंगल में हुई इस कार्रवाई के अलावा आबकारी विभाग ने दो अन्य स्थानों पर भी त्वरित छापामार कार्रवाई की। टीम ने जनकपुर स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान पर आकस्मिक दबिश देकर वहां से अवैध रूप से बेची जा रही 35 पाव देशी शराब बरामद की। वहीं एक अन्य कार्रवाई में ग्राम लक्ष्मीपुर के एक रिहायशी मकान में छापा मारकर 42 पाव देशी शराब जब्त की गई। तीनों अलग-अलग कार्रवाइयों में पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक पटेल, धर्मेंद्र राय, कालीचरण अहिरवार और राकेश अहिरवार के रूप में हुई है।
आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वे यह अवैध खेप कहां से लाए थे और किन-किन ठिकानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के मुख्य स्रोत तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है तथा आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक तीव्रता से जारी रहेगा।













