उज्जैन, अशोक दायमा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को अपने एकदिवसीय प्रवास पर धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। हेलीपैड पर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अगवानी की। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हेलीपैड पर स्वागत के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव सीधे उज्जैन स्थित श्रृंगेरी मठ पहुंचे। यहां उन्होंने श्रृंगेरी पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्य स्वामी विधुशेखर भारती जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य जी का अभिनंदन करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अपने इस एकदिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शहर में आयोजित विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

















