छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के वार्ड क्रमांक 11-9 (छोटी बघरान माता मंदिर के पास) के स्थानीय रहवासियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों, छेड़छाड़ और अवैध नशे के कारोबार से त्रस्त होकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक ज्ञापन सौंपा है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों के आतंक के कारण महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया है।
मुख्य शिकायतें और समस्याएं
रहवासियों द्वारा एसपी कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित गंभीर बिंदुओं को उठाया गया है: छोटी बघरान मंदिर की आंगनवाड़ी, नीम के पेड़ के पास, समाज भवन और जैन साहब के कुएं के पास शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों की महफिलें जमती हैं। दिनभर यहां अवैध शराब, गांजा, स्मैक और ड्रग्स का कारोबार किया जाता है। नीम के पेड़ के पास बच्चों का कोचिंग सेंटर संचालित होता है, जहां पढ़ने आने वाली बालिकाओं और राहगीर महिलाओं पर ये नशेड़ी किस्म के लड़के गंदी फब्तियां कसते हैं और अभद्र कमेंट करते हैं।
15-16 वर्ष की आयु के ये लड़के खतरनाक नशा करके मोहल्लेवासियों से जबरन 'रंगदारी' (अवैध वसूली) मांगते हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है और कई बार मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं। जैन के घर के पास बने कुएं के समीप दिनभर अवैध जुआ संचालित होता है, जिससे क्षेत्र का माहौल पूरी तरह बिगड़ रहा है। रहवासियों का आरोप है कि कई बार सिटी कोतवाली थाने को अवगत कराने के बावजूद क्षेत्र में रात्रि गश्त नहीं बढ़ाई गई है, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हाल ही में एक कोचिंग जाने वाली लड़की के साथ छेड़छाड़ के मामले में भी एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दूसरा आरोपी अब तक फरार है।
रहवासियों की प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से समस्त वार्डवासियों ने एसपी से तत्काल प्रभाव से निम्नलिखित कदम उठाने की मांग की है: उक्त संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात कर नियमित व कड़ी रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। क्षेत्र में संचालित हो रहे अवैध जुए, गांजा और शराब के अड्डों पर तत्काल छापेमारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए। छेड़छाड़ की घटना में फरार चल रहे आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि मोहल्ले में सुरक्षा का माहौल बन सके और लोग भयमुक्त जीवन जी सकें।













