भोपाल, जीतेंद्र यादव। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक पूज्य गुरु नानक देव जी की जयंती व प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं और उनके बताए सिद्धांत व आदर्श समाज को दिशा देने के साथ हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को गौरवान्वित करते हैं।
धर्म और समाज की रक्षा में सिख गुरुओं का अमूल्य योगदान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि गुलामी के कठिन दौर में, जब हिंदू धर्म और समाज को अनेक प्रकार की यातनाओं एवं कष्टों का सामना करना पड़ा, तब गुरु नानक देव जी ने साहस, धैर्य और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि उनके विचारों और शिक्षाओं से प्रेरणा प्राप्त कर आज भी हमारा देश अपनी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के गौरव के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। सीएम ने कहा कि गुरु नानक देव जी से लेकर दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तक, सभी सिख गुरुओं ने समाज और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग, तपस्या और बलिदान ने समाज को साहस, सेवा, समर्पण और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी है।
संगत-पंगत की परंपरा से समानता और भाईचारे का प्रसार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने 'संगत-पंगत' की परंपरा के माध्यम से समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने समाज को मिल-जुलकर रहने, एक साथ बैठकर भोजन करने, भक्ति-भाव से प्रभु का स्मरण करने और एक-दूसरे का ध्यान रखते हुए सभी को साथ लेकर चलने की शिक्षा दी। उन्होंने आगे कहा कि गुरु नानक देव जी ने सत्य और ईमानदारी के मार्ग पर चलने, किसी दूसरे के अधिकारों का हनन न करने, अपनी मेहनत की कमाई को पवित्र बनाए रखने तथा जरूरतमंदों के साथ अपनी कमाई बांटकर खाने का महान संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवता की सेवा, परोपकार और आपसी सद्भाव की उनकी शिक्षाएं आज भी एक बेहतर एवं समरस समाज के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं।















