टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक बार फिर टीकमगढ़ पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आमजन की समस्याएं सीधे सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके निराकरण का प्रयास किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा और उनके समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


राजस्व मामलों के निराकरण पर जोर


मुख्यमंत्री के दौरे से पहले नामांतरण, बंटवारा सहित अन्य राजस्व मामलों के निराकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसंवाद कार्यक्रम को सरकार की उस पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसके जरिए शासन और प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


14 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई का इंतजार


जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने बताया कि मुख्यमंत्री के पिछले टीकमगढ़ दौरे के दौरान क्षेत्र की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था। मंच से मुख्यमंत्री के समक्ष इन मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई का आग्रह किया गया था। विधायक के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय से मांग पत्र संबंधित 14 विभागों तक पहुंच चुका है और उन पर कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में इस बार मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इन मांगों पर हुई प्रगति और आगे की कार्ययोजना को लेकर क्षेत्रवासियों को उम्मीदें हैं।


विकास और उद्योग के मुद्दे भी रहेंगे प्रमुख


विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि टीकमगढ़ जिले के विकास, उद्योग और रोजगार से जुड़े मुद्दों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की जाएगी।


मेडिकल कॉलेज की मांग पर हो चुकी है घोषणा


टीकमगढ़ में मेडिकल कॉलेज की मांग लंबे समय से क्षेत्र का प्रमुख मुद्दा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही मेडिकल कॉलेज को लेकर घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में आगामी जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान इस घोषणा के क्रियान्वयन और जिले के विकास से जुड़े अन्य प्रस्तावों को लेकर भी लोगों की नजर मुख्यमंत्री के दौरे पर रहेगी।