भोपाल, जीतेन्द्र यादव। लाड़ली बहना योजना की राशि खातों में ट्रांसफर होने के साथ ही मध्यप्रदेश में सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में करीब सवा दो करोड़ लाड़ली बहनें हैं, लेकिन केवल सवा करोड़ महिलाओं को ही योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सवाल किया कि बाकी बहनों को राशि क्यों नहीं दी जा रही और सभी पात्र महिलाओं को पैसा कब मिलेगा, सरकार इसका जवाब दे।


कुपोषण के मुद्दे पर भी उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुपोषण की स्थिति को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री को गंभीरता से सोचना चाहिए। बच्चों के भोजन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह भी देखना होगा कि बच्चों का भोजन कौन ठेकेदार खा रहा है। सिंघार ने बालाघाट का जिक्र करते हुए कहा कि वहां स्थिति बेहद खराब है और मौत तक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग जनता के बजाय खुद को पोषित करने में लगे हैं।


वहीं, सीडब्ल्यूसी की बैठक में 800 शहरों में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के फैसले पर भी सिंघार ने प्रतिक्रिया दी। राहुल गांधी देशभर में युवाओं से संवाद करेंगे और मध्यप्रदेश में जबलपुर में कार्यक्रम होने की संभावना जताई जा रही है। सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से युवाओं के साथ बैठकें और संवाद करते आ रहे हैं, ऐसे में भाजपा को अब युवाओं की याद क्यों आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन से भाजपा घबराई हुई है।


वंदे मातरम को लेकर चल रही सियासत पर सिंघार ने कहा कि भाजपा के कितने लोगों को पूरा वंदे मातरम आता है, यह भी सवाल है। उन्होंने कहा कि देश में हजारों-लाखों लोगों को पूरा वंदे मातरम नहीं आता, लेकिन वे भारतीय हैं। सिंघार ने कहा कि मुद्दे को गीत गाने के विवाद तक सीमित करने के बजाय गर्व के साथ यह कहना चाहिए कि हम भारतीय हैं।