मुरैना। शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहिया बाजार स्थित 'फूड गैराज' होटल में पुलिस ने दबिश देकर युवक और युवतियों को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया। पुलिस को देखकर कुछ युवक मौके से दीवार फांदकर भागने में सफल रहे।


छात्र-छात्राओं को महंगे दाम पर कमरे देने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नजदीक संचालित इस होटल में लंबे समय से अवैध देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि होटल संचालक स्कूल-कॉलेज और ट्यूशन जाने वाले छात्र-छात्राओं को महंगे किराए पर कमरे उपलब्ध कराता था।


वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर लोहिया बाजार स्थित होटल फूड गैराज पर अचानक छापा मारा गया। पुलिस की इस कार्रवाई से होटल परिसर में हड़कंप मच गया। दबिश के दौरान कमरे से युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ संदिग्ध युवक होटल की छत और खिड़कियों से कूदकर फरार हो गए।


पहले भी 'कृष्णा पैलेस' में हो चुकी है कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सीएसपी दीपाली चंदौलिया के नेतृत्व में सिटी कोतवाली और सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त रूप से सैयद नहर स्थित होटल कृष्णा पैलेस पर दबिश दी थी। वहां से भी 4 युवतियों और 1 युवक को पकड़ा गया था।

पुलिस ने पकड़े गए युवक-युवतियों और होटल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही मौके से फरार हुए युवकों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अनैतिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे होटलों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।