विधानसभा में 'ट्रंप और मोदी' के मुखौटे पहनकर उतरे कांग्रेसी, ट्रेड डील के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

Advertisement
नेता प्रतिपक्ष बोले- अमेरिका के किसानों का फायदा और भारत के अन्नदाता का नुकसान कर रही है सरकार
भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन आज सदन के बाहर अनोखा नजारा देखने को मिला। भारत और अमेरिका के बीच हुई हालिया 'ट्रेड डील' के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुखौटे पहनकर सांकेतिक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया।
किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ट्रेड डील पूरी तरह से अमेरिकी किसानों के पक्ष में है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से भारत के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। सिंगार ने कहा, "सरकार विदेशी हितों को साधने के लिए देश के अन्नदाता की बलि दे रही है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।"
राहुल गांधी के आगमन से बढ़ेगी हलचल विपक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि यह आंदोलन केवल विधानसभा परिसर तक सीमित नहीं रहेगा। उमंग सिंगार ने जानकारी दी कि कल कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी भोपाल पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हक की यह लड़ाई अब पूरे देश में लड़ी जाएगी और पार्टी के शीर्ष नेता इस मुहिम में शामिल होकर सरकार को घेरने का काम करेंगे।
