छतरपुर, संदीप यादव। मत्स्य सहकारी समिति मर्यादित बगौता के अध्यक्ष अरविंद रैकवार ने समिति के दर्जनों सदस्यों के साथ आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के संबंध में एक शिकायती आवेदन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से समिति पदाधिकारियों ने गांव के ही पूर्व सरपंच और वर्तमान उपसरपंच पर रंजिशवश झूठी शिकायतें करने तथा तालाब में जहरीली दवा डालकर भारी नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है।


समिति अध्यक्ष अरविंद रैकवार ने बताया कि ग्राम बगौता में शासन द्वारा 10 वर्षीय पट्टे पर मिले तालाब में समिति के सदस्य मछली पालन कर अपने-अपने परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि गांव के पूर्व सरपंच सुंदरलाल रैकवार और वर्तमान उपसरपंच अमरनाथ रैकवार द्वारा अरविंद रैकवार, उनके पिता लालचन्द्र रैकवार तथा समिति सदस्य रामकिशन रैकवार के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में लगातार मनगढ़ंत एवं फर्जी शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं।


शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि रंजिश के चलते पूर्व में उक्त लोगों द्वारा चोरी-छिपे तालाब में जहरीली दवा डाल दी गई थी, जिससे बड़ी मात्रा में मछलियां मर गईं और समिति को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा। इस संबंध में पूर्व में भी कलेक्टर एवं सिविल लाइन थाने में शिकायतें की गई थीं, किंतु अब तक मौके की जांच या कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


एसपी कार्यालय पहुंचे समिति सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से जांच कराई जाए तथा झूठी शिकायतें कर परेशान करने वाले और तालाब में जहरीली दवा डालकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।