सिवनी, सतीश चन्द्र। जिले के आदेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बोरिया में चरित्र शंका और आपसी विवाद के चलते एक पति द्वारा अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 3 जुलाई की दरमियानी रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी संत राम ने अपनी पत्नी कमलाबाई से उसके आने-जाने और कामकाज को लेकर पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कमलाबाई की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी स्वयं आदेगांव थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 122/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

