छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। 1 अक्टूबर को वरिष्ठ जन सम्मान दिवस के अवसर पर नौगांव नगर पालिका परिषद द्वारा नगर पालिका प्रांगण में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे 3000 से अधिक वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। समारोह में क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
नौगांव नगर पालिका परिषद द्वारा वरिष्ठजनों के सम्मान की यह परंपरा लगातार 21 वर्षों से निभाई जा रही है। बताया गया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के बाद तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष अंजुल सक्सेना के कार्यकाल में बड़े स्तर पर की गई थी। इसके बाद से प्रत्येक वर्ष वरिष्ठजनों को एक मंच पर बुलाकर सम्मानित करने की परंपरा जारी है।
यह भी पढि़ए: चकराघाट वार्ड में दो मंजिला खपरेल मकान बना खतरा:वर्षों से जर्जर मकान, शिकायतों के बाद भी निगम की कार्रवाई का इंतजार
कार्यक्रम की तैयारियां नगर पालिका परिषद द्वारा करीब 15 दिन पहले शुरू कर दी जाती हैं। प्रत्येक वार्ड में वरिष्ठजनों का सर्वे कर सूची तैयार की जाती है तथा उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाता है। नगर पालिका की ओर से वरिष्ठजनों तक निमंत्रण पहुंचाकर उन्हें समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है।
गुरुवार शाम करीब 4 बजे नगर पालिका प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठजनों की आरती एवं भजन संध्या के साथ किया गया। इस दौरान नगर पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी गई।
वरिष्ठजनों के नाम से बनेगा सुंदर पार्क
मुख्य अतिथि विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने वरिष्ठजनों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में वरिष्ठजनों के नाम से एक सुंदर पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जहां बुजुर्गों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी ने कहा कि बड़ों के सम्मान और उनके आशीर्वाद से ही उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा वरिष्ठजनों का सम्मान करते हैं और आने वाली परिषदों से भी आग्रह करेंगे कि 21 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को निरंतर जारी रखा जाए।
पूर्व अध्यक्ष ने याद की कार्यक्रम की शुरुआत
नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष अंजुल सक्सेना ने कहा कि वरिष्ठ जन सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत उनके कार्यकाल में की गई थी। आज नगर पालिका परिषद इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है, यह खुशी की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन शिवम मिश्रा ने किया। समारोह में जनपद सीईओ, थाना प्रभारी, तहसीलदार सहित नगर पालिका परिषद के पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।










