टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर के समीप बाबरी स्थित शराब दुकान पर गुरुवार रात करीब 9 बजे फायरिंग और शराब लूट का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग शराब दुकान के बाहर पहुंचकर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान दुकान का सेल्समैन बाल-बाल बच गया, जबकि गोली शराब की बोतलों में जा लगी।
वायरल वीडियो में फायरिंग के बाद कुछ लोग शराब दुकान का गेट खुलवाते और दुकान के अंदर से शराब की बोतलें ले जाते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सरेराह फायरिंग और लूट की वारदात को लेकर लोगों में भी चर्चा का माहौल है।
यह भी पढि़ए: खिलाड़ियों ने जताई चिंता :30 वर्षों से स्टेडियम की मांग, खिलाड़ियों ने खुद संभाली मैदान की सफाई
वायरल वीडियो के आधार पर आरोप लगाया जा रहा है कि कुलदीप यादव और उसके अन्य साथियों ने शराब दुकान पर पहुंचकर पहले सेल्समैन पर गोली चलाई। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में घुसकर शराब की बोतलें लूट लीं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना के दौरान हुई लूट एवं फायरिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










