छतरपुर/खजुराहो, तुलसीदास सोनी। सोमवती अमावस्या के पावन पर्व पर आज अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी खजुराहो के सुप्रसिद्ध मतंगेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही भगवान मतंगेश्वर के दर्शन और पूजन के लिए बुंदेलखंड सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचने लगे थे। भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का पूर्ण श्रद्धाभाव से जलाभिषेक किया, विशेष पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इस पावन अवसर पर विशेष रूप से महिलाओं ने व्रत रखकर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मतंगेश्वर महादेव की 108 परिक्रमा लगाई तथा भगवान शिव को प्रसादी अर्पित कर सुखद वैवाहिक जीवन की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खजुराहो नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रसिद्ध शिवसागर तालाब घाट पर व्यापक साफ-सफाई व्यवस्था खजुराहो नगर परिषद सीएमओ बसंत चतुर्वेदी एवं नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी के निर्देशन में कराई गई, जिससे घाटों पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए खजुराहो एसडीओपी मनमोहन बघेल एवं थाना प्रभारी नंद किशोर सोलंकी पुलिस बल के साथ पूरे समय मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में मुस्तैद रहे। प्रशासन की इस सक्रियता के चलते हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बेहद सुगमता और शांतिपूर्ण ढंग से भगवान मतंगेश्वर के दर्शन लाभ प्राप्त किए।

