छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। नगर के प्रसिद्ध अवध कुंड धाम की पहाड़ियों पर बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सोमवार से लापता चल रहे कक्षा 11वीं के एक छात्र का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मूल रूप से सरवई थाना क्षेत्र के ग्राम घासीपुर निवासी कमलदीप पटेल के रूप में हुई है। कमलदीप चंदला में अपने नाना के घर रहकर कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि बीते सोमवार को वह घर से किसी काम का कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।

मृतक छात्र के पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका था, जिसके बाद से वह अपने नाना के पास रहकर पढ़ाई कर अपना भविष्य संवारने में जुटा था। पहाड़ियों पर शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहाँ उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची चंदला पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदला भेजा। डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल छात्र के इस आत्मघाती कदम उठाने या मौत के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है और हर पहलू से सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।