नई दिल्ली। महात्मा ज्योतिराव गोविंदराव फुले एक भारतीय समाज सुधारक, समाज प्रबोधक, विचारक, समाजसेवी, लेखक, दार्शनिक तथा क्रांतिकारी कार्यकर्ता थे। इन्हें महात्मा फुले एवं जोतिबा फुले के नाम से भी जाना जाता है। सितंबर 1873 में इन्होंने महाराष्ट्र में सत्य शोधक समाज नामक संस्था का गठन किया। महिलाओं व पिछड़े और अछूतों के उत्थान के लिए इन्होंने अनेक कार्य किए। वे समाज के सभी वर्गों को शिक्षा प्रदान करने के प्रबल समर्थक थे और भारतीय समाज में प्रचलित जाति आधारित विभाजन और भेदभाव के विरुद्ध थे।

इनका मूल उद्देश्य स्त्रियों को शिक्षा का अधिकार प्रदान करना, बाल विवाह का विरोध, विधवा विवाह का समर्थन करना रहा। फुले समाज की कुप्रथा, अंधश्रद्धा के जाल से समाज को मुक्त करना चाहते थे। अपना संपूर्ण जीवन उन्होंने स्त्रियों को शिक्षित कराने में और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कराने में व्यतीत किया। 19वीं सदी में स्त्रियों को शिक्षा नहीं दी जाती थी।

फुले महिलाओं को स्त्री-पुरुष भेदभाव से बचाना चाहते थे। उन्होंने कन्याओं के लिए भारत देश की पहली पाठशाला पुणे में बनाई थी। स्त्रियों की तत्कालीन दयनीय स्थिति से फुले बहुत व्याकुल और दुखी होते थे, इसीलिए उन्होंने दृढ़ निश्चय किया कि वे समाज में क्रांतिकारी बदलाव लाकर ही रहेंगे। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी सावित्रीबाई फुले को स्वयं शिक्षा प्रदान की। सावित्रीबाई फुले भारत की प्रथम महिला अध्यापिका थीं।

महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म 1827 ई. में पुणे में हुआ था। एक वर्ष की अवस्था में ही इनकी माता का निधन हो गया। इनका लालन-पालन एक बाई ने किया। उनका परिवार कई पीढ़ी पहले सतारा से पुणे आकर फूलों के गजरे आदि बनाने का काम करने लगा था। इसलिए माली के काम में लगे ये लोग फुले के नाम से जाने जाते थे।

ज्योतिबा ने कुछ समय पहले तक मराठी में अध्ययन किया, बीच में पढ़ाई छूट गई और बाद में 21 वर्ष की उम्र में अंग्रेजी की सातवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी की। इनका विवाह 1840 में सावित्री बाई से हुआ, जो बाद में स्वयं एक प्रसिद्ध समाजसेवी बनीं। दलित व स्त्री शिक्षा के क्षेत्र में दोनों पति-पत्नी ने मिलकर काम किया। वह एक कर्मठ और समाजसेवी की भावना रखने वाले व्यक्ति थे।

उन्होंने विधवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए बहुत काम किया, इसके साथ ही किसानों की हालत सुधारने और उनके कल्याण के लिए भी काफी प्रयास किए। स्त्रियों की दशा सुधारने और उनकी शिक्षा के लिए फुले ने 1848 में एक स्कूल खोला। यह इस काम के लिए देश में पहला विद्यालय था। लड़कियों को पढ़ाने के लिए अध्यापिका नहीं मिली तो उन्होंने कुछ दिन स्वयं यह काम करके अपनी पत्नी सावित्री फुले को इस योग्य बना दिया।

कुछ लोगों ने आरंभ से ही उनके काम में बाधा डालने की चेष्टा की, किंतु जब फुले आगे बढ़ते ही गए तो उनके पिता पर दबाव डालकर पति-पत्नी को घर से निकलवा दिया। इससे कुछ समय के लिए उनका काम रुका अवश्य, पर शीघ्र ही उन्होंने एक के बाद एक बालिकाओं के तीन स्कूल खोल दिए।

ज्योतिबा को संत-महात्माओं की जीवनियां पढ़ने में बड़ी रुचि थी। उन्हें ज्ञान हुआ कि जब भगवान के सामने सब नर-नारी समान हैं तो उनमें ऊंच-नीच का भेद क्यों होना चाहिए। यही विचार उनके जीवन का आधार बना। उन्होंने जाति व्यवस्था, पुरोहितवाद और अंधविश्वास के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई।

निर्धन और निर्बल वर्ग को न्याय दिलाने के लिए ज्योतिबा ने सत्यशोधक समाज 1873 में स्थापित किया। उनकी समाजसेवा देखकर 1888 ई. में मुंबई की एक विशाल सभा में उन्हें महात्मा की उपाधि दी गई। ज्योतिबा ने ब्राह्मण-पुरोहित के बिना ही विवाह-संस्कार आरंभ कराया और इसे मुंबई उच्च न्यायालय से भी मान्यता मिली। वे बाल-विवाह विरोधी और विधवा-विवाह के समर्थक थे।

अपने जीवन काल में उन्होंने कई पुस्तकें भी लिखीं। जिनमें, गुलामगिरी, तृतीय रत्न, छत्रपति शिवाजी, राजा भोसले का पखड़ा, किसान का कोड़ा, अछूतों की कैफियत, प्रमुख रहीं। महात्मा ज्योतिबा व उनके संगठन के संघर्ष के कारण सरकार ने एग्रीकल्चर एक्ट पास किया। धर्म, समाज और परंपराओं के सत्य को सामने लाने हेतु उन्होंने अनेक पुस्तकें भी लिखीं।

1883 में स्त्रियों को शिक्षा प्रदान कराने के महान कार्य के लिए उन्हें तत्कालीन ब्रिटिश भारत सरकार द्वारा स्त्री शिक्षण के आद्यजनक कहकर गौरव किया गया। 28 नवंबर 1890 को उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली।

भले ही फुले दुनिया छोड़ें एक सदी से से ज्यादा समय बीत चुके हैं, लेकिन उनके विचार अमर हैं। आज भी ज्योतिबा फुले का जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा ही सबसे बड़ी क्रांति है। उन्होंने उस दौर में लड़कियों के लिए स्कूल खोला, जब ऐसा सोचना भी अपराध माना जाता था। उन्होंने विधवाओं, किसानों, पिछड़ों और अछूतों के लिए आवाज उठाई। उनकी पुण्यतिथि पर देश उन्हें नमन कर रहा है।