मुंबई। भारतीय सिनेमा के शुरुआती दौर में एक ऐसा कलाकार भी था, जो मेकअप के दम पर अपनी पूरी पहचान बदल लेता था। यह कलाकार कोई और नहीं, बल्कि अभिनेता धीरेंद्र नाथ गांगुली थे, जिन्हें लोग धिरेन गांगुली और डीजी के नाम से भी जानते थे। उनका हुनर सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं था। मेकअप और भेष बदलने की उनकी कला इतनी खास थी कि ब्रिटिश भारत और आजादी के बाद सीआईडी अधिकारियों ने भी उनसे यह हुनर सीखा।अभिनय, निर्देशन, लेखन और फिल्म निर्माण में योगदान देने वाले धीरेंद्र नाथ ने बंगाली सिनेमा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। 18 नवंबर को उनकी पुण्यतिथि पर जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से।

धीरेंद्र नाथ गांगुली का जन्म 26 मार्च 1893 को कोलकाता में हुआ था। उन्हें बचपन से ही कला और अभिनय में दिलचस्पी थी। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर के मार्गदर्शन में कला से जुड़ी बारीकियां सीखीं। टैगोर के नाटकों में भी उन्होंने अभिनय किया। इस दौरान उन्होंने चित्रकला, फोटोग्राफी और मेकअप के हुनर में भी दिलचस्पी दिखाई। आगे चलकर यही रुचि उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गई। उनका सबसे अनोखा हुनर था मेकअप के जरिए अपना चेहरा और पूरा रूप बदल लेना।

साल 1915 में उन्होंने 'भावकी अभिव्यक्ति' नाम से मेकअप तकनीक पर तस्वीरों वाली एक किताब प्रकाशित की। इसमें उन्होंने खुद अलग-अलग रूप धारण करके मेकअप के तरीके दिखाए थे। किताब में पुरुष और महिला दोनों तरह के रूपों में उनकी तस्वीरें थीं। उस दौर में मेकअप की जानकारी आज की तरह आसानी से उपलब्ध नहीं थी, इसलिए यह काम काफी खास माना गया। उनकी इसी कला ने उन्हें फिल्मी दुनिया से बाहर भी पहचान दिलाई।

बताया जाता है कि ब्रिटिश भारत के समय पुलिस और सीआईडी अधिकारियों ने उनसे भेष बदलने की तकनीक सीखी थी। आजादी के बाद भी उन्होंने सीआईडी अधिकारियों को यह हुनर सिखाया। उनका मानना था कि किसी व्यक्ति की पहचान सिर्फ उसके चेहरे से नहीं होती, बल्कि पहनावा, बोलने का तरीका और हाव-भाव भी इसमें बड़ी भूमिका निभाते हैं। इस तरह उनका मेकअप का हुनर फिल्मों के साथ-साथ पुलिस के काम भी आया।

धीरेंद्र नाथ ने फिल्मों में काम करने के साथ फिल्म निर्माण की दुनिया में भी कदम रखा। साल 1918 में उन्होंने नितीश चंद्र लाहिड़ी के साथ मिलकर 'इंडो-ब्रिटिश फिल्म कंपनी' बनाई। इसे बंगाल की शुरुआती बंगाली स्वामित्व वाली फिल्म निर्माण कंपनियों में गिना जाता है। इस कंपनी की पहली फिल्म 'बिलायत फिरत' 1921 में रिलीज हुई। यह एक मूक कॉमेडी फिल्म थी, जिसमें धीरेंद्र नाथ ने अभिनय किया और निर्माण की जिम्मेदारी भी संभाली। इसके बाद उन्होंने 'यशोदा नंदन', 'लेडी टीचर' और 'साधु और शैतान' जैसी फिल्मों से अपने काम को आगे बढ़ाया।

हैदराबाद के निजाम मीर उस्मान अली खान भी उनके हुनर से प्रभावित हुए। उन्होंने धीरेंद्र नाथ को हैदराबाद के स्टेट आर्ट स्कूल का प्रमुख बनने का न्योता दिया। यहां उन्हें 1,300 रुपए महीने वेतन मिलता था, जो उस समय के हिसाब से काफी बड़ी रकम थी। हैदराबाद में रहते हुए उन्होंने 'लोटस फिल्म कंपनी' भी बनाई और फिल्म निर्माण के साथ सिनेमाघरों के संचालन में भी योगदान दिया। हालांकि, 1924 में फिल्म 'रजिया बेगम' के प्रदर्शन को लेकर निजाम उनसे नाराज हो गए और उन्हें हैदराबाद छोड़ना पड़ा।

कलकत्ता लौटने के बाद उन्होंने 'ब्रिटिश डोमिनियन फिल्म्स' नाम से एक और कंपनी शुरू की। बाद में वह प्रमथेश बरुआ और बीएन सरकार के 'न्यू थिएटर्स' से भी जुड़े। 'एक्सक्यूज मी सर' और 'मस्तुतो भाई' जैसी फिल्मों में उनका हास्य अंदाज देखने को मिला। इसके अलावा 'अलीक बाबू', 'शेष निवेदन' और 'विद्रोही' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया।

धीरेंद्र नाथ को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए साल 1974 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके अगले साल यानी 1975 में उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार मिला। 18 नवंबर 1978 को 85 साल की उम्र में कोलकाता में उनका निधन हो गया।