भोपाल, पंकज यादव। समुद्र जैसा जलाशय, पानी से बनने वाली बिजली और सालों पुराना इतिहास... मध्य प्रदेश का गांधीसागर इन दिनों चर्चा के केंद्र में है। आज हम बात करेंगे इसी खास बिन्दु पर कि आखिर इस शांत और प्राकृतिक स्थल में ऐसा क्या खास है, जो कल यानी बुधवार को पूरी मोहन सरकार यहां पहुंचने जा रही है?
दरअसल, राजधानी भोपाल के मंत्रालय की चहारदीवारी से बाहर निकलकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की अहम बैठक मंदसौर और नीमच जिलों की सीमा पर स्थित इसी गांधीसागर में आयोजित होने जा रही है। पर्यटन स्थलों पर कैबिनेट बैठक करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सरकार का मुख्य उद्देश्य इस अंचल के ईको-टूरिज्म को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाना, साथ ही मालवा-मेवाड़ क्षेत्र की विकास परियोजनाओं को नई गति देना है।
इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना और 'मिनी गोवा' का अहसास
गांधीसागर की सबसे बड़ी पहचान चंबल नदी पर बना ऐतिहासिक बांध और उसके पीछे फैला अथाह जलाशय है। इसकी विशाल जलराशि दूर से किसी समुद्र जैसा अहसास कराती है, जिसके कारण स्थानीय लोग और पर्यटक इसे प्यार से 'मिनी गोवा' भी कहते हैं। आजादी के बाद देश के नवनिर्माण की गाथा लिखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 7 मार्च 1954 को इस प्रमुख गुरुत्वाकर्षण बांध (Masonry Gravity Dam) की नींव रखी थी। करीब 62.17 मीटर ऊंचा और 514 मीटर लंबा यह बांध न केवल सिंचाई के लिए जीवनदायिनी है, बल्कि यहां स्थापित 115 मेगावाट क्षमता का जलविद्युत पावर स्टेशन बड़े हिस्से को रोशन भी करता है।
ये भी पढ़ें




चीतों का दूसरा घर और जैव-विविधता का खजाना
बांध के ठीक पास करीब 368 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य अपनी समृद्ध जैव-विविधता के लिए जाना जाता है। अफ्रीकी सवाना जैसी जलवायु और घास के मैदानों के कारण इसे कूनो नेशनल पार्क के बाद देश में चीतों के दूसरे नए घर के रूप में विकसित किया गया है। यह अभयारण्य वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है, जहां तेंदुए, चिंकारा, सांभर और मगरमच्छों की अच्छी-खासी आबादी मौजूद है। इसके अलावा जलाशय के आसपास का शांत वातावरण प्रवासी और स्थानीय पक्षियों को खूब रास आता है, जहां करीब 225 प्रजातियों के पक्षी देखे जा सकते हैं।
20 हजार साल पुराने शैलचित्रों में बसता है आदिम इतिहास
प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ गांधीसागर अपने गर्भ में हजारों साल पुराना गौरवशाली इतिहास भी समेटे हुए है। जलाशय से सटी पहाड़ियों और कंदराओं में करीब 20,000 साल पुराने प्रागैतिहासिक शैलचित्र (रॉक आर्ट) मौजूद हैं। आदिमानव द्वारा चट्टानों पर उकेरी गई ये कलाकृतियां उस दौर की जीवनशैली, शिकार और संस्कृति की जीवंत कहानी बयां करती हैं। पुरातत्वविदों और इतिहास प्रेमियों के लिए यह क्षेत्र शोध और आकर्षण का एक बड़ा केंद्र है, जिसे सहेजने और दुनिया के सामने लाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एडवेंचर टूरिज्म और 'गांधीसागर उत्सव' का रोमांच
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ने इस क्षेत्र को एक बड़े एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में नई पहचान दी है। बोर्ड द्वारा यहां आयोजित किए जाने वाले 'गांधीसागर उत्सव' (फॉरेस्ट रिट्रीट) ने देशभर के सैलानियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के करीब लग्जरी टेंट स्टे का अनूठा अनुभव मिलता है। इसके साथ ही रोमांच के शौकीनों के लिए जलाशय में जेट स्कीइंग, कयाकिंग, पैरासेलिंग और नौका विहार जैसी वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित होती हैं, तो वहीं आसमान की सैर के लिए हॉट एयर बैलून राइड और जंगल सफारी का आनंद भी लिया जा सकता है।
कैबिनेट बैठक से क्षेत्र के विकास को लगेंगे पंख
प्रशासनिक और राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पूरी कैबिनेट का गांधीसागर पहुंचना इस पूरे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि कल होने वाली बैठक में गांधीसागर और आसपास के इलाकों में पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, बेहतर सड़क व हवाई कनेक्टिविटी, चीता प्रोजेक्ट से जुड़े आगामी चरणों और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
















