छतरपुर,शिवम सोनी। मध्य प्रदेश में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने आमजन का जीवन मुश्किल कर दिया है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों पर लगाए गए निशुल्क प्याऊ लोगों के लिए राहत का साधन बनने के बजाय परेशानी का कारण बनते नजर आ रहे हैं।
बुधवार को एसपी कार्यालय के सामने स्थित प्याऊ के मटके पूरी तरह खाली मिले, जिससे राहगीरों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्यासे यात्री और स्थानीय लोग काफी देर तक पानी के इंतजार में खड़े रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा कागजों में तो शीतल जल की व्यवस्था दिखाई जाती है, लेकिन हकीकत में लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए पानी के पाउच और बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं। यात्रियों ने आरोप लगाया कि यह योजना केवल दिखावे तक सीमित है और जमीनी स्तर पर इसका कोई असर नजर नहीं आता।
हालांकि कुछ देर बाद नगर पालिका के कर्मचारी टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे और पानी भरवाया। कर्मचारियों ने सफाई देते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पानी की व्यवस्था प्रभावित हुई थी।
इस घटना ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीषण गर्मी के मौसम में इस तरह की लापरवाही आमजन के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।

