छतरपुर। महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी राजेश नागर (50) का शनिवार सुबह विश्वविद्यालय के कुलसचिव यशवंत सिंह पटेल के आवास पर निधन हो गया। कुलसचिव ने बताया कि प्रथम दृष्टया राजेश की मृत्यु हृदयाघात से हुई है। बताया गया कि राजेश उनके आवास पर भोजन बनाने का कार्य करता था और वहीं निवास भी करता था।


वहीं, विश्वविद्यालय से जुड़े कुछ सूत्रों का दावा है कि राजेश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। सूत्रों के अनुसार वह विश्वविद्यालय की स्थापना के समय से विभिन्न दायित्वों में कार्यरत रहा था तथा बाद में कुलसचिव के आवास पर नियुक्त था। यह भी दावा किया जा रहा है कि स्थायी नियुक्ति को लेकर उसने न्यायालय में मामला दायर किया था और इसी को लेकर वह तनाव में रहता था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। राजेश की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।