भोपाल, जीतेन्द्र यादव। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए चक्रवात 'अर्नब' ने मध्य प्रदेश के मौसम की चाल बदल दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 31 जिलों में मौसम में बदलाव को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिनों तक राज्य के अलग-अलग अंचलों में तेज आंधी, बादलों की गड़गड़ाहट और झमाझम बारिश का दौर देखने को मिलेगा। विशेषकर पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश के जिलों में चक्रवाती हवाओं का प्रभाव अधिक रहने वाला है।

आज से 30 अक्टूबर तक झमाझम के आसार, इन पांच जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज से 30 अक्टूबर तक प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश का अलर्ट रहेगा। सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई गई है। इन जिलों में स्थानीय प्रशासन और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि निचले इलाकों में जलभराव और तेज हवाओं से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

करवा चौथ के दिन 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, चांद के दीदार के लिए तरस सकती हैं व्रती महिलाएं

चक्रवात का सबसे ज्यादा असर 29 अक्टूबर को देखने को मिलेगा, जिस दिन करवा चौथ का पावन पर्व भी है। इस दिन प्रदेश भर में घनघोर बादल छाए रहने, तेज आंधी चलने और गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को 11 जिलों में अति भारी और 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आसमान में घने बादल छाए रहने के कारण करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं को अर्घ्य देने के लिए चांद देखने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।

भोपाल, जबलपुर और रीवा संभाग में बूंदाबांदी, 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा बादलों का डेरा

29 अक्टूबर को अति भारी बारिश वाले जिलों के अलावा बाकी 35 जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी का दौर बना रहेगा। मौसम का यह बदला हुआ रुख 30 और 31 अक्टूबर को भी जारी रहेगा। इस दौरान भोपाल, नर्मदापुरम, भिंड, दतिया, रायसेन, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।