सागर, जीशान खान। सागर जिले में अपने कुशल नेतृत्व, अनुशासित कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं के लिए पहचान बनाने वाले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) भोपाल स्थानांतरण होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह सोलंकी, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी तथा पुलिस परिवार के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने अपने कार्यकाल के दौरान उत्कृष्ट नेतृत्व, पारदर्शिता, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपराध नियंत्रण एवं पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। उनका कार्य एवं व्यक्तित्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।


विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने भी श्री सिन्हा के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने उनके सरल, सहज और सहयोगात्मक स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया और अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।


अपने संबोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने सागर जिले में मिले सहयोग, विश्वास और अपनत्व के लिए पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सागर में बिताया गया कार्यकाल उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में हमेशा शामिल रहेगा और यहां का अनुभव भविष्य में नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में सहायक होगा। कार्यक्रम के दौरान श्री सिन्हा को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ सामूहिक छायाचित्र खिंचवाया। आत्मीय और भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुए इस समारोह में पुलिस परिवार ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।