अस्मारा। विदेश मंत्रालय में कांसुलर, पासपोर्ट एवं वीजा (सीपीवी) और ओवरसीज इंडियन अफेयर्स (ओआईए) की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने इरिट्रिया में भारतीय समुदाय से मुलाकात की और भारत सरकार की प्रवासी भारतीय कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी साझा की।इरिट्रिया स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने समुदाय के लोगों के अनुभव और उनकी चिंताओं को भी सुना। अपनी यात्रा के दौरान श्रीप्रिया रंगनाथन ने इरिट्रिया के राष्ट्रपति के आर्थिक सलाहकार हेगोस घेब्रेहिवेट से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश, बैंकिंग एवं वित्त, खनन, परिवहन और संचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाओं पर चर्चा की।
20 नवंबर को उन्होंने 'अस्मारा वॉर सिमेट्री' का दौरा भी किया, जहां उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर 16 भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। ये वे सैनिक थे जिन्होंने बेहतर दुनिया के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।
यात्रा के दौरान उन्होंने 'इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन' (आईटीईसी) कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके एरिट्रियाई पूर्व छात्रों से भी मुलाकात की। इन पूर्व छात्रों ने बताया कि भारत में मिले प्रशिक्षण और पाठ्यक्रमों ने उनके पेशेवर जीवन में किस तरह मदद की।
20 नवंबर को श्रीप्रिया रंगनाथन ने इरिट्रिया के विदेश मंत्री उस्मान सालेह मोहम्मद से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और एरिट्रिया के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न द्विपक्षीय और साझा हितों के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने इरिट्रिया के सूचना मंत्री येमाने गेब्रेमेस्केल से भी मुलाकात की। इस बैठक में क्षमता निर्माण, मीडिया सहयोग, व्यापार और निवेश तथा लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई।
दूतावास के अनुसार, शिक्षा मंत्री हलीमा मोहम्मद के साथ हुई बातचीत में शिक्षकों के प्रशिक्षण, स्कूलों के बुनियादी ढांचे, शैक्षणिक उपकरणों और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्रों में सहयोग पर विचार किया गया। कृषि मंत्री अरेफेन बेर्हे के साथ बैठक में कृषि, सिंचाई, क्षमता निर्माण और उर्वरक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा हुई।
श्रीप्रिया रंगनाथन 19 नवंबर को सोमालिया की यात्रा पूरी करने के बाद एरिट्रिया पहुंची थीं। हाल के वर्षों में यह भारत की ओर से सोमालिया की पहली उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय यात्रा थी। सोमालिया दौरे के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति हसन शेख मोहामुद से मुलाकात की थी। साथ ही भारत और सोमालिया के बीच दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच परामर्श को लेकर एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए थे।
















