पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले को यूं ही रत्नगर्भा और हीरों की धरती नहीं कहा जाता, यहां कब किसकी तकदीर बदल जाए यह कोई नहीं जानता। इसकी ताजा मिसाल बने हैं रोजाना ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले सोनू रैकवार। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर सोनू की किस्मत ने ऐसा करवट लिया कि पहली ही उथली खदान ने उन्हें मालामाल होने की उम्मीद दे दी। रानीपुर क्षेत्र में लगाई गई खदान से महज 15 दिनों की मेहनत में सोनू को 3.17 कैरेट का बेशकीमती हीरा प्राप्त हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है।

सपनों में दिखता था हीरा, परिवार की सलाह पर लिया पट्टा और सच हो गई बात

सोनू रैकवार पिता बाबूलाल रैकवार ने बताया कि पिछले 10 से 15 दिनों से उन्हें लगातार रात में हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। हर सुबह नींद खुलने पर वे यही सोचते थे कि काश यह सपना हकीकत में बदल जाए। आखिरकार उन्होंने अपने मन की बात परिवार वालों से साझा की। परिजनों की सलाह पर सोनू हीरा कार्यालय पहुंचे और विधिवत पट्टा प्राप्त कर रानीपुर क्षेत्र में अपनी पहली उथली खदान शुरू कर दी। लगातार 15 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद मिट्टी और पत्थरों के बीच से 3.17 कैरेट का चमचमाता हीरा निकलते ही सोनू और उनके पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।


नीलामी की रकम से फिर लगाएंगे खदान, अब भी दिख रहे बड़े हीरे के सपने

हीरा मिलने से उत्साहित सोनू रैकवार का कहना है कि आगामी नीलामी में हीरे की बिक्री से जो भी धनराशि प्राप्त होगी, उससे वे दोबारा बड़े स्तर पर खदान लगाएंगे। सोनू के मुताबिक, उन्हें अब भी बड़े हीरे मिलने के सपने आ रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में पन्ना की धरती उन पर और बड़ी मेहरबानी करेगी। कभी ऑटो के पहियों के सहारे परिवार की गाड़ी चलाने वाले सोनू के लिए अब इस हीरे ने तरक्की और नई उम्मीदों के दरवाजे खोल दिए हैं।

जेम्स क्वालिटी का है हीरा, कार्यालय में अब तक जमा हुए 3 करोड़ से अधिक के हीरे

सोनू ने प्राप्त हुए 3.17 कैरेट के हीरे को नियमानुसार पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि यह उच्च गुणवत्ता वाला 'जेम्स क्वालिटी' का हीरा है, जिसकी बाजार में काफी अच्छी मांग रहती है और इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा। वहीं, हीरा कार्यालय के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक कार्यालय में कुल 175 नग हीरे जमा किए जा चुके हैं, जिनका कुल वजन 387.21 कैरेट है और इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 1 लाख रुपये बताई गई है।