छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जिले में संविधान के प्रति जागरूकता और नागरिक अधिकारों को लेकर जय भीम सेना संगठन द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत आगामी 29 नवंबर को सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन से बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगी, जहां विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद अंबेडकर तिराहा पर आमसभा होगी।

इस आयोजन को लेकर जय भीम सेना संगठन के पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक के दौरान संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान देश का सर्वोच्च कानून है, जो हर नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और अधिकार देता है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 नवंबर को सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन से बाइक रैली शुरू होगी। यह रैली तिलक मार्केट, बस स्टैंड, फव्वारा चौक और ईएलसी चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। कलेक्ट्रेट में जिले की विभिन्न मांगों और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के बाद अंबेडकर तिराहा पर आमसभा आयोजित होगी। इसमें संगठन के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और विभिन्न वर्गों के नागरिक संविधान के महत्व व नागरिक अधिकारों पर अपने विचार रखेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों, खासकर युवाओं को संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है। दोपहर 4 बजे स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

बैठक में शिवम् पहाड़े, शैलेंद्र मर्सकोले, अनेश उइके, ओमप्रकाश सेवतकर, दिनेश इवनाती, विजय मेहरा, बबलू कनोजे, पारस वंशकार, पप्पू मंडरा, मनीष मृदुलकर, रंजीत रविकर, विकास सातनकर, सागर परतेती, राकेश पहाड़े, किशोर पवार, अमित भाई, दीपक कनोजे, दिलीप पहाड़े और संजय बचेकर सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। जय भीम सेना के जिला अध्यक्ष शिवम् पहाड़े ने बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।