चित्रकूट। देव प्रबोधिनी एकादशी (देव दिवाली) के पावन अवसर पर धर्मनगरी चित्रकूट में आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन पर्व में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे, जिससे रामघाट, भरतघाट और मंदाकिनी नदी के अन्य प्रमुख घाटों सहित कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। इस विशेष धार्मिक आयोजन में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी शामिल हुए और उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए मंदाकिनी तट पर दीपदान किया।
उल्लेखनीय है कि चित्रकूट में देव प्रबोधिनी एकादशी को परंपरागत रूप से देव दिवाली के रूप में मनाया जाता है। संध्या काल में मंदाकिनी के घाटों पर एक साथ हजारों दीपक प्रज्वलित किए गए, जिनकी अद्भुत जगमगाहट और भव्य आतिशबाजी ने पूरी धर्मनगरी को अलौकिक आभा से रोशन कर दिया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र मंदाकिनी नदी में दीप प्रवाहित कर तथा कामदगिरि की परिक्रमा लगाकर अपने परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की, जिससे देर शाम तक समूचा चित्रकूट भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

















