उज्जैन। आगामी सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों और रेलवे स्टेशन के विस्तार व निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए रेलवे प्रशासन ने शनिवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उज्जैन के माधवनगर रेलवे स्टेशन परिसर में बनी एक दर्जन से अधिक पुरानी मजारों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), शासकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय सिटी पुलिस के जवानों के साथ-साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भारी संख्या में तैनात रहे।

कई बार नोटिस के बावजूद नहीं हटने पर शनिवार सुबह चलाया गया अभियान

रेलवे प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, माधवनगर रेलवे स्टेशन परिसर में लंबे समय से बनी इन मजारों को हटाने के लिए रेलवे की ओर से पूर्व में कई बार विधिवत नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि, निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी इन्हें नहीं हटाया गया था। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर शनिवार सुबह सख्त कार्रवाई शुरू की। संयुक्त टीम की मौजूदगी में अब तक स्टेशन परिसर से 12 से ज्यादा मजारें हटाई जा चुकी हैं।


सिंहस्थ 2028 के विकास व निर्माण कार्यों में आ रही थी रुकावट

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महाकुंभ को देखते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुगम आवागमन और अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे का कहना है कि स्टेशन परिसर में बनी इन संरचनाओं के कारण विकास और निर्माण कार्यों को गति देने में लगातार परेशानी आ रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इन्हें हटाने का निर्णय लिया गया। खबर लिखे जाने तक स्टेशन परिसर में रेलवे और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई निरंतर जारी है, तथा मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।