कटनी। शहर के आजाद चौक क्षेत्र में देर रात एक मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के रहवासियों में दहशत फैल गई। आग लगने की यह घटना मनु गेडा के मकान की बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें




घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने पांच फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से मोर्चा संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग को और फैलने से रोकने में सफलता मिली।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम कमिश्नर तपस्या परिहार भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल प्राप्त जानकारी के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। आग लगने के कारणों और मकान में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

















