छतरपुर। ईशानगर थाना क्षेत्र के बिहाटा गांव में गुरुवार सुबह खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार बिहाटा निवासी 35 वर्षीय रामस्वरूप कुशवाहा गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अपने खेत में चारा काट रहे थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए ईशानगर शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. जी.के. साहू ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल छतरपुर भेज दिया। किसान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के तीनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों में उपयोग होने वाले विद्युत उपकरणों और बिजली लाइनों की नियमित जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने किसानों से बिजली संबंधी कार्यों के दौरान पूरी सावधानी बरतने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।




