बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर अंतर्गत आमगांव स्थित सांदीपनि स्कूल के बालिका छात्रावास में कथित तौर पर भूत-प्रेत का डर फैलने से हड़कंप मच गया है। छात्रावास में अजीब घटनाएं होने के दावों और दहशत के बीच 50 में से 35 छात्राएं छात्रावास छोड़कर अपने घर चली गई हैं। इस घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें छात्राएं रात के समय अपने बैग लेकर छात्रावास से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने भूत-प्रेत या तंत्र-मंत्र से जुड़े तमाम दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।


रात में दरवाजा खटखटाने की आवाज और भारीपन महसूस होने का दावा

छात्रावास में रहने वाली कुछ छात्राओं ने दावा किया है कि रात के समय अचानक दरवाजा खटखटाने की आवाजें आती हैं और कई बार उन्हें शरीर में भारीपन महसूस होता है, जिससे वे दहशत में आ जाती हैं। छात्राओं के मुताबिक, कुछ बच्चियों को बुखार आने तथा अचानक डरकर अजीब हरकतें करने जैसी समस्याएं भी देखने को मिली हैं। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने अपनी इस परेशानी से प्राचार्य और अधीक्षिका को अवगत कराया था, जिसके बाद छात्रावास में कथित तौर पर बैगा पंडा बुलाकर तंत्र-मंत्र कराया गया। लगातार बने डर और परेशानियों के चलते कुल 50 में से 35 छात्राएं घर लौट गईं। वायरल वीडियो में छात्राएं रात में अपना सामान व बैग लेकर निकलती नजर आ रही हैं।


प्राचार्य डीएस वाड़िवे ने झाड़-फूंक और भूत-प्रेत के दावों से किया इनकार

स्कूल के प्राचार्य डीएस वाड़िवे ने छात्रावास में बैगा पंडा बुलाकर झाड़-फूंक कराने और भूत-प्रेत जैसी किसी भी समस्या के होने से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि परिजन त्योहार और पूजा के लिए छात्राओं को अपने साथ घर ले गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि किसी छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को दिखाने या अस्पताल ले जाने के स्पष्ट निर्देश हैं और वॉर्डन ने इस संबंध में आदिवासी सहायक आयुक्त को भी सूचित किया था। प्राचार्य ने तमाम दावों को खारिज तो किया, लेकिन जब उनसे यह पूछा गया कि आखिर 35 छात्राएं एक साथ छात्रावास छोड़कर क्यों चली गईं, तो वे इस सवाल का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।