छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिला अस्पताल के NICU में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब नवजात बच्चों को गर्म रखने वाली वॉर्मर मशीन में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से वॉर्मर में रखे तीन नवजात बच्चे झुलस गए। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने तत्काल बच्चों को वॉर्मर से बाहर निकालकर उपचार शुरू किया। तीनों नवजातों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बच्चों को दो डॉक्टरों की निगरानी में जबलपुर भेजा गया। बताया जा रहा है कि एक नवजात की हालत गंभीर है।


सिविल सर्जन कंचन दुबे के मुताबिक, वॉर्मर की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में अचानक स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग लगी। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वॉर्मर में आग लगने की तकनीकी वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद नवजातों की माताओं का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है।