फर्जी गोल्ड इन्वेस्टमेंट के नाम पर करोड़ों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
इंदौर, रविकांत वर्मा | इंदौर क्राइम ब्रांच ने फर्जी गोल्ड इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी खुद को सोना-चांदी के आभूषणों का बड़ा व्यापारी बताकर निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देते थे।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, इंदौर क्राइम ब्रांच को फरियादी की शिकायत मिली थी, जिसमें बताया गया कि आरोपियों ने अपनी कथित गोल्ड फर्म में निवेश करने पर अच्छा रिटर्न देने का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़प लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंच बनाई।
आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए शुभम शर्मा और पूजा शर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों ने कई लोगों से इसी तरह की धोखाधड़ी की थी।
फरियादी से 3.50 करोड़ की ठगी
मामले में फरियादी अंकित बजाज ने बताया कि गोल्ड इन्वेस्टमेंट में अच्छा मुनाफा दिलाने के नाम पर आरोपियों ने उससे करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये की ठगी की। न तो कोई मुनाफा दिया गया और न ही निवेश की गई रकम वापस की गई।
आगे की कार्रवाई
ठगी के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की पूछताछ जारी है और ठगी की राशि की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं।
