नई दिल्ली। स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन सोमवार को तीन दिन की राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे। इस दौरान उनके स्‍वागत में राष्ट्रपति भवन में समारोह का आयोजन क‍िया गया। इस समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे। इस दौरान स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन के साथ उनकी पत्‍नी भी मौजूद रहीं।

स्‍वागत समारोह के दौरान लोगों को संबोध‍ित करते हुए स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति ने कहा क‍ि यह दौरा इस बात पर जोर देने का एक बेहतरीन मौका है कि स्विट्जरलैंड और भारत दोनों इस रिश्ते को कितनी अहमियत देते हैं।

उन्‍होंने कहा क‍ि हमारे दोनों देशों के रिश्ते लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी भरोसे और सम्मान पर टिके हुए हैं। उन्‍होंने कहा क‍ि मेरा यह दौरा हमारी करीबी, व्यापक और लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को आगे बढ़ाने और गहरा करने तथा मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

राष्ट्रपति गाइ ने कहा क‍ि मुझे खुशी और गर्व है कि हमें द्विपक्षीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार साझा करने का मौका मिल रहा है। मुझे खास तौर पर इस बात की खुशी है कि भारत में मेरी मौजूदगी के दौरान हम भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के लागू होने की पहली वर्षगांठ भी मना सकेंगे। यह जश्न मनाने का सही समय है कि हमने मिलकर अब तक कितनी प्रगति की है लेकिन इससे भी ज्यादा जरूरी है कि हम मिलकर अपने भविष्य को आकार दें।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति परमेलिन की भारत यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक होगी। राष्ट्रपति परमेलिन के साथ वरिष्ठ अधिकारियों और कारोबारी नेताओं का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है। यह उनकी पहली राजकीय भारत यात्रा है। वहीं, इस साल वह दूसरी बार भारत आ रहे हैं। इससे पहले वह फरवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति परमेलिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। इस दौरान दोनों नेता व्यापार और निवेश, विज्ञान, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, मोबिलिटी, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में अब तक हुए सहयोग की समीक्षा करेंगे।

दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत और स्विट्जरलैंड के बीच सहयोग को लेकर भी बातचीत होगी।